समिति ने लिया आंदोलन तेज करने का निर्णय

हस्ताक्षर अभियान से शुरू होगा आंदोलन

हस्ताक्षरित ज्ञापन सांसद वीडी राम को सौंपकर केंद्र सरकार से रेल संपर्क शीघ्र बहाल करने की की जाएगी मांग



सदास्मृत आशुतोष रंजन

प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा


गढ़वा : मेराल भवनाथपुर चोपन रेल संपर्क की मांग को लेकर बुधवार को भवनाथपुर हीरो एजेंसी के समीप स्थित शिव पहाड़ी मंदिर परिसर में मेराल भवनाथपुर चोपन रेल चलाओ संघर्ष समिति की महत्वपूर्ण बैठक की गई। बैठक की अध्यक्षता संघर्ष समिति के अध्यक्ष जीवधन साहू ने की। जबकि संचालन उमेंद्र यादव ने किया। बैठक में मेराल से बरडीहा, भवनाथपुर, खरौंधी, कोन और सलईबनवां होते हुए चोपन तक रेल संपर्क बहाल कराने की मांग को लेकर आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से तेज करने का निर्णय लिया गया। बैठक में सर्वसम्मति से नई संघर्ष समिति का गठन किया गया। इसमें प्रेम कुमार चौबे को अध्यक्ष, चंदन ठाकुर, ब्रजेश गुप्ता, जनक राम, संजय यादव और राजेंद्र यादव को उपाध्यक्ष बनाया गया। मनु उपाध्याय और शौकत अली को सचिव, राजमोहन यादव को महासचिव तथा मनोज यादव को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई। वहीं दयानंद प्रजापति, मनोज बैठा, दीपक पासवान, शैलेश चौबे और अमित यादव को सोशल मीडिया प्रभारी बनाया गया। सुरेश गुप्ता को संयोजक, सत्यनारायण भुइयां को सह संयोजक तथा जय राम पासवान को संरक्षक बनाया गया। समिति के महासचिव राजमोहन यादव एवं मुख्य संरक्षक उमेंद्र यादव ने कहा कि मेराल से भवनाथपुर माइंस तक करीब 35 किलोमीटर लंबा रेलखंड वर्ष 1966 से अस्तित्व में है। रेल परिचालन बंद होने के बाद इस क्षेत्र के लोगों को रेल सुविधा से वंचित होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि मेराल-भवनाथपुर-चोपन रेल संपर्क बहाल होने से झारखंड, उत्तर प्रदेश और बिहार के सीमावर्ती क्षेत्रों की करीब सात लाख आबादी को आवागमन की सुविधा मिल सकती है। साथ ही क्षेत्र में व्यापार, रोजगार और औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

हस्ताक्षर अभियान से शुरू होगा आंदोलन

बैठक में तय किया गया कि संघर्ष समिति आंदोलन के पहले चरण में व्यापक हस्ताक्षर अभियान चलाएगी। इसके बाद हस्ताक्षरों के साथ स्थानीय सांसद विष्णु दयाल राम को ज्ञापन सौंपकर रेल संपर्क की मांग को केंद्र सरकार तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। समिति ने क्षेत्र के अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने तथा रेल सुविधा की मांग को जन आंदोलन का रूप देने पर भी चर्चा की। बैठक में मेराल से बरडीहा भवनाथपुर चोपन रेल चलाओ समिति के संयोजक सतीश कुमार भारतीय, भवनाथपुर मुखिया बेबी देवी, गुलाब यादव, नागेंद्र शर्मा, संतोष कुमार सिंह, शिवरतन उरांव सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और रेल आंदोलन से जुड़े लोग उपस्थित थे।