धीरज दुबे ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के बयान को बताया भ्रामक

केंद्र सरकार पर झारखंड से भेदभाव करने का लगाया आरोप



सदास्मृत आशुतोष रंजन

प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा


गढ़वा : झारखंड मुक्ति मोर्चा के मीडिया पैनलिस्ट सह केंद्रीय सदस्य धीरज दुबे ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उन्हें झूठा और भ्रामक करार दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास में भाजपा का सहयोग शून्य रहा है। भाजपा एक ओर विकास की बातें करती है, वहीं दूसरी ओर केंद्र की मोदी सरकार गैर-भाजपा शासित राज्यों के साथ भेदभावपूर्ण रवैया अपनाती रही है।

धीरज दुबे ने कहा कि झारखंड में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार को राजनीतिक और आर्थिक रूप से कमजोर करने की कोशिश में भाजपा ने कोई कसर नहीं छोड़ी है। केंद्र सरकार लोकतांत्रिक मूल्यों और संघीय व्यवस्था की भावना के अनुरूप राज्यों के साथ सहयोग करने के बजाय राजनीतिक हितों को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि झारखंड के विकास को बाधित करके विकसित भारत का सपना पूरा नहीं किया जा सकता।

उन्होंने कहा कि झारखंड देश के खनिज संसाधनों में महत्वपूर्ण योगदान देने वाला राज्य है। इसके बावजूद राज्य के साथ कथित सौतेला व्यवहार करना यहां की जनता के हितों के खिलाफ है। विगत तीन लोकसभा चुनावों में झारखंड की जनता ने भाजपा को पर्याप्त संसदीय समर्थन दिया, लेकिन राज्य को उसके अनुरूप सहयोग नहीं मिलना निराशा जनक है। दुबे ने कहा कि सवा तीन करोड़ जनता के जनादेश से बनी हेमंत सोरेन सरकार को कमजोर करने का कोई भी प्रयास अंततः जनता के निर्णय का अपमान है।

झामुमो नेता ने भाजपा की आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि पार्टी की प्राथमिकता जनकल्याण के बजाय सत्ता, पूंजीपतियों के हितों और चुनावी लाभ तक सीमित हो गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में महंगाई, निजीकरण और रोजगार के अवसरों को लेकर आम लोगों की चिंताएं बढ़ी हैं। सरकारी संपत्तियों और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के निजीकरण से आम जनता के हित प्रभावित होने की आशंका है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों से अमीर और अमीर तथा गरीब और गरीब होते जा रहे हैं।

धीरज दुबे ने भाजपा के संगठनात्मक विस्तार पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि जिस काम को कांग्रेस कथित तौर पर छह दशकों में नहीं कर पाई, भाजपा ने अपने पिछले दस वर्षों के शासनकाल में देशभर में पार्टी कार्यालयों के निर्माण और संगठनात्मक विस्तार के रूप में तेजी से आगे बढ़ाया। दिल्ली में भव्य केंद्रीय कार्यालय से लेकर विभिन्न जिलों में पार्टी कार्यालयों के निर्माण तक भाजपा ने संगठन को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि यही ऊर्जा आम जनता की समस्याओं के समाधान, रोजगार सृजन और महंगाई पर नियंत्रण के लिए लगाई जाती, तो देश के लोगों को अधिक लाभ मिलता।

उन्होंने उद्योगपति गौतम अडानी को कथित तौर पर लाभ पहुंचाने, सरकारी संसाधनों के निजीकरण और आम जनता पर बढ़ते आर्थिक दबाव का मुद्दा उठाते हुए भाजपा की नीतियों की आलोचना की। दुबे ने कहा कि झारखंड के विकास के लिए केंद्र और राज्य सरकार के बीच राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर सहयोग जरूरी है।

श्री दुबे ने कहा कि झारखंड की जनता विकास, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के आधार पर सरकारों का मूल्यांकन करती है। भाजपा को बयानबाजी करने के बजाय यह बताना चाहिए कि राज्य के विकास के लिए केंद्र सरकार ने क्या ठोस सहयोग दिया है। उन्होंने कहा कि झामुमो सरकार जनहित में काम करने के लिए प्रतिबद्ध है और राज्य के अधिकारों तथा जनता के हितों की रक्षा के लिए लगातार आवाज उठाती रहेगी।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य के आंतरिक व्यवस्था को सुदृढ़ कर राज्य के विकास और राज्यवासियों के समाजिक कल्याण में अभूतपूर्व कार्य किए हैं। राजधानी रांची में फ़्लाई ओवर सहित विभिन्न जिलों में सड़कों का जाल बिछाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों, पर्यटन स्थलों एवं खेल के क्षेत्र में अद्भुत कार्य किए हैं।