तत्काल पानी निकासी के दिए कड़े निर्देशसदास्मृत आशुतोष रंजनप्रियरंजन सिन्हा बिंदास न्यूज, गढ़वागढ़वा : लगातार हो रही मुसलाधार बारिश के कारण नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में उत्पन्न हुई जलजमाव की गंभीर स्थिति का संज्ञान लेते हुए प्रशासन और जनप्रतिनिधि तुरंत हरकत में आए। स्थिति की जानकारी मिलते ही नगर परिषद अध्यक्ष आशीष कुमार सोनी उर्फ दौलत सोनी, कार्यपालक पदाधिकारी सुशील कुमार तथा कनीय अभियंता संदीप कुमार ने प्रभावित क्षेत्रों का तूफानी दौरा कर स्थिति का जायजा लिया।नगर परिषद की टीम ने वार्ड नंबर 11 , 12 ,13 सहिजना व चिनिया रोड का निरीक्षण किया। इसके साथ ही वार्ड नंबर 7 में मिस्कार मोहल्ला तथा वार्ड 3 एवं 4 , 5 , 6, सोनपुरवा बस स्टैंड सहित अन्य प्रमुख जलजमाव वाले स्थानों पर पहुंचकर जमीनी स्थिति का आकलन किया। निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष आशीष कुमार सोनी एवं कार्यपालक पदाधिकारी सुशील कुमार ने अधिकारियों और सफाई कर्मियों को मौके पर ही जल निकासी के आवश्यक निर्देश दिए। तत्काल जल निकासी के लिए प्रभावित मोहल्लों में फंसे पानी को निकालने के लिए जेसीबी से नालों की तात्कालिक सफाई/डाइवर्जन की व्यवस्था तुरंत शुरू कराई गई। साथ ही जल बहाव को बाधित करने वाले कचरे और मलबे को पोकलेन व जेसीबी की मदद से हटाकर रास्ता साफ कराया गया। इसके साथ ही कनीय अभियंता संदीप कुमार को निर्देश दिया गया कि जब तक सभी वार्डों से पानी पूरी तरह निकल नहीं जाता, तब तक वे पूरी टीम के साथ क्षेत्र में मुस्तैद रहें।अध्यक्ष आशीष कुमार सोनी (दौलत सोनी) ने कहा कि “शहरवासियों की समस्या हमारी पहली प्राथमिकता है। भारी बारिश के कारण उत्पन्न हुई जलजमाव की समस्या से आम जनता को राहत दिलाने के लिए नगर परिषद की पूरी टीम धरातल पर काम कर रही है। किसी भी वार्ड के नागरिक को घबराने की जरूरत नहीं है, सभी जलजमाव वाले बिंदुओं पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है और स्थिति पर लगातार नजर बनी हुई है।” नगर परिषद प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे नालियों में प्लास्टिक या कचरा न फेंकें ताकि पानी के प्राकृतिक बहाव में कोई रुकावट न आए। किसी भी आपात स्थिति के लिए नगर परिषद की आपातकालीन टीम 24 घंटे अलर्ट पर है। Post navigation खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी द्वारा मेराल प्रखंड खाद्य प्रतिष्ठानों में चलाया गया सघन जाँच अभियान