परीक्षा केंद्रों पर सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने का दिया निदेश

शांतिपूर्ण व कदाचार मुक्त परीक्षा संचालन की हिदायत



सदास्मृत आशुतोष रंजन

प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा


गढ़वा : झारखण्ड शिक्षक पात्रता परीक्षा- 2026 के सफल संचालन को लेकर उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा की अध्यक्षता में समाहरणालय के सभाकक्ष में एक बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गयें।

विदित है कि झारखण्ड शिक्षक पात्रता परीक्षा- 2026 का आयोजन दिनांक- 01 नवम्बर 2026 (रविवार) को दो पालियों में निर्धारित की गयी है, जिसके लिए गढ़वा जिला में भी 26 परीक्षा केंद्र बनाये गये हैं। झारखण्ड अधिविद्य परिषद, राँची द्वारा जारी सभी दिशा निर्देशों का शतप्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराते हुए दोनों पालियों (प्रथम पाली, उच्च प्राथमिक स्तर, कक्षा 6 से 8, पूर्वाह्न 09:30 से 12:00 बजे तक- Reporting time 07:30 AM to 09:00 AM, द्वितीय पाली, प्राथमिक स्तर, कक्षा 1 से 5, अपराह्न 02:00 से 04:30 बजे तक-Reporting time 12:00 PM to 01:30 PM) में ससमय परीक्षा प्रारंभ कराने का निर्देश दिया गया।

उक्त बैठक के माध्यम से झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा- 2026 हेतु आवेदित अभ्यर्थियों को सूचित किया गया कि परीक्षार्थी उपरोक्त परीक्षा में शामिल होने के लिए उक्त वर्णित तिथि को ससमय अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचना सुनिश्चित करें। परीक्षा केन्द्र पर अभ्यर्थियों को परीक्षा प्रारम्भ होने से दो घण्टे पूर्व पहुँचना अनिवार्य होगा। प्रथम पाली एवं द्वितीय पाली के परीक्षा प्रारम्भ होने के 30 मिनट पूर्व परीक्षा केन्द्र का मुख्य द्वार बन्द कर दिया जायेगा। अतः परीक्षार्थी ससमय परीक्षा केन्द्र पर आवश्यक रुप से उपस्थित होना सुनिश्वित करेंगे। अभ्यर्थियों को परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए प्रवेश पत्र के साथ पहचान पत्र (आधार कार्ड, मूल प्रति में) लाना आवश्यक होगा। इसके अतिरिक्त किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केन्द्र में वर्जित होगा।

पात्रता परीक्षा के लिए आवेदन करनेवाले दिव्यांग अभ्यर्थी यथा- दृष्टि बाधित दिव्यांग, सी०पी० (Cerebral Palsy) दिव्यांग एवं दोनो हाथों से दिव्यांग अभ्यर्थियों को 30 मिनट का अतिरिक्त समय प्रदान किया जायेगा। ऐसे अभ्यर्थियों को अपनी दिव्यांगता के संबंध में सिविल सर्जन/जिला शल्य चिकित्सा पदाधिकारी से प्राप्त दिव्यांगता का प्रमाण पत्र (दिव्यांगता के प्रतिशत के साथ) एवं आवेदन को परीक्षा तिथि से पूर्व संबंधित जिला के जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में जमा करना होगा।

आगामी 01 नवम्बर 2026 को आयोजित किए जाने वाले झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा- 2026 को लेकर उपायुक्त श्री मिश्रा ने उक्त सभी परीक्षा केंद्रों पर सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं यथा- पेयजल एवं शौचालय, समुचित साफ-सफाई, लाइटिंग, निर्धारित संख्या में परीक्षार्थियों के बैठने की समुचित व्यवस्था समेत परीक्षा केदो में सीसीटीवी का अधिष्ठापन व अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुनिश्चित करने के साथ सभी कार्य समयबद्ध रूप से करने का निर्देश दिया। ताकि परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों को किसी समस्या का सामना नहीं करना पड़े।

उपायुक्त ने कहा कि उक्त परीक्षा की तिथियों के दिन फ्लाइंग स्क्वायड टीम/पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, पुलिस कर्मी एवं दंडाधिकारी की भी प्रतिनियुक्ति की जाएगी। सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी एवं पुलिस कर्मी सक्रिय होकर कदाचार मुक्त परीक्षा का संपादन करना सुनिश्चित करेंगे। किसी भी परीक्षा केन्द्रों के आस-पास अवांछनीय तत्व एकत्र नहीं हो, इसके लिए संबंधित अनुमण्डल पदाधिकारियों को अपने क्षेत्रांतर्गत भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा-163 के अन्तर्गत निषेधाज्ञा लागू करने का निदेश दिया गया।

बैठक में उनके द्वारा प्रतिनियुक्त सभी संबंधित दंडाधिकारियों/पदाधिकारियों को मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत सभी केन्द्रों पर निर्गत निर्देश के अनुरूप सभी आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गये। परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा की तिथि को वीडियोग्राफी, फोटोग्राफी तथा HHMD टूल्स अनिवार्य रूप से उपयोग कराने का निर्देश दिए गये। जिससे कोई भी परीक्षार्थी अपने परीक्षा केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का इस्तेमाल न कर सके। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दिन परीक्षार्थियों को मोबाईल फोन, ब्लूटूथ, ईयरफोन, डिजिटल डायरी, कैलकुलेटर, पेजर, गेजेट्स, लॉग बुक, पुस्तक, नोट बुक, स्मार्ट वॉच, बैग, स्कार्फ, पाउच, बेल्ट, टोपी और किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना प्रतिबंधित रहेगा।

परीक्षार्थियों की प्रवेश द्वार पर HHMD से जाँच की जायेगी। उन्होंने स्वच्छ एवं शांतिपूर्ण वातावरण में कदाचारमुक्त परीक्षा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा- 2026 का आयोजन झारखण्ड अधिविद्य परिषद, राँची द्वारा निर्गत परीक्षा के लिए मानक संचालन प्रक्रिया के दिशा-निर्देश के अनुसार स्वच्छ एवं शांतिपूर्ण वातावरण में कदाचारमुक्त परीक्षा कराने के लिए हम सभी प्रतिबद्ध है।

इस दौरान उपायुक्त-सह-जिला परीक्षा नियंत्रक, अपर समाहर्त्ता (वरीय नोडल पदाधिकारी) एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी (नोडल पदाधिकारी) ने बैठक में उपस्थित सभी संबंधित पदाधिकारियों, दंडाधिकारियों, केंद्र अधीक्षक, वीक्षक एवं सह-वीक्षक तथा परीक्षा केंद्र में प्रतिनियुक्ति पुलिस पदाधिकारियों समेत अन्य संबंधितों को झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा, 2026 के संचालन हेतु परीक्षा पूर्व, परीक्षा दिवस एवं परीक्षा पश्चात के कार्य प्रणालियों एवं दायित्वों को विस्तृत रूप से बताया गया।

उक्त मौके पर उप विकास आयुक्त प्रेमलता मुर्मू, अपर समाहर्ता विकास कुमार राय, अनुमंडल पदाधिकारी गढ़वा मयंक भूषण, अनुमंडल पदाधिकारी रंका मोहम्मद परवेज़, डीएलएओ राजेश कुमार, पुलिस उपाधीक्षक यशोधरा, जिला नज़ारत उप समाहर्ता पंकज कुमार गिरि, जिला शिक्षा पदाधिकारी जगरनाथ लोहरा, जिला शिक्षा अधीक्षक अनुराग मिंज, कोषागार पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, संबंधित केन्द्राधीक्षक एवं परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त पदाधिकारी, पुलिस के पदाधिकारी व अन्य संबंधित उपस्थित थे।