सदास्मृत आशुतोष रंजन

प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा


गढ़वा : पलामू संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत गढ़वा जिले के बरगढ़ प्रखंड में डाकघर (डिलीवरी सब पोस्ट ऑफिस) की स्थापना का मार्ग प्रशस्त हो गया है। सांसद पलामू विष्णु दयाल राम के विशेष प्रयासों से भारत सरकार के डाक विभाग द्वारा बरगढ़ में डिलीवरी सब पोस्ट ऑफिस स्थापित करने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।

बरगढ़ प्रखंड में डाकघर की स्थापना की लंबे समय से चली आ रही मांग को लेकर सांसद विष्णु दयाल राम ने 11 अगस्त 2026 को केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया को पत्र लिखकर तथा व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर बरगढ़ में डाकघर खोलने का अनुरोध किया था।

उल्लेखनीय है कि बरगढ़ प्रखंड के लोगों को डाक सेवाओं के लिए लगभग 50 किलोमीटर दूर रंका स्थित डाकघर पर निर्भर रहना पड़ता था। इसके कारण ग्रामीणों, बुजुर्गों, विद्यार्थियों, पेंशनधारियों तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभुकों को डाक एवं संबंधित सेवाओं के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी और काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।

सांसद के प्रयासों के फलस्वरूप डाक विभाग, झारखंड सर्किल, रांची द्वारा बरगढ़ डाकघर को डिलीवरी सब पोस्ट ऑफिस (DSO) के रूप में स्थापित करने की स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। डाक विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार बरगढ़ DSO के लिए आवश्यक डाक कर्मचारियों एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का भी प्रावधान किया गया है।

इसके साथ ही बरगढ़ सहित आसपास के कई शाखा डाकघरों को बरगढ़ डिलीवरी सब पोस्ट ऑफिस के डिलीवरी क्षेत्र से जोड़ा जाएगा। इससे क्षेत्र के बड़ी संख्या में ग्रामीणों को डाक, पार्सल, पत्राचार एवं अन्य डाक विभागीय सेवाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेगा।

इस महत्वपूर्ण स्वीकृति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सांसद ने कहा कि बरगढ़ में डाकघर की स्थापना से क्षेत्र के लोगों को अब डाक सेवाओं के लिए दूर-दराज नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में बेहतर डाक तथा नागरिक सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना केंद्र सरकार की जनसेवा की प्राथमिकताओं में शामिल है। सांसद श्री राम ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया के प्रति हार्दिक धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।