वन भूमि पर भंडारित लगभग 500 डंपर अवैध बालू जब्त


सदास्मृत आशुतोष रंजन


प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा

गढ़वा : जिले में अवैध उत्खनन एवं खनिजों के अवैध भंडारण के विरुद्ध जिला प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा द्वारा गठित विशेष टीम ने अभियान के लगातार चौथे दिन भी छापेमारी कर अवैध बालू भंडारण के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की। यह छापेमारी प्रभाकर मिर्धा अनुमंडल पदाधिकारी, श्री बंशीधर नगर एवं राजेंद्र उरांव जिला खनन पदाधिकारी के नेतृत्व में धुरकी थाना के पुलिस बल की सुरक्षा में की गई।

छापेमारी के दौरान धुरकी थाना क्षेत्र अंतर्गत अम्बाखोरेया पंचायत में कनहर नदी के किनारे कुशमाहा घाट के समीप वन भूमि पर अवैध रूप से भंडारित लगभग 500 डंपर बालू जब्त किया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनन एवं बालू के अनधिकृत भंडारण में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई का स्पष्ट संदेश गया है।

प्रशासन द्वारा अवैध बालू भंडारण करने वाले व्यक्ति की पहचान की जा रही है। पहचान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध उत्खनन, खनिजों के अनधिकृत परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा। प्राकृतिक संसाधनों एवं सरकारी भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।