प्राप्त शिकायतों के समाधान हेतु संबंधित पदाधिकारियों को किया निर्देशित


सदास्मृत आशुतोष रंजन

प्रियरंजन सिन्हा
बिंदास न्यूज, गढ़वा


गढ़वा : उपायुक्त गढ़वा पशुपति नाथ मिश्रा ने आज समाहरणालय सभागार में जनसुनवाई का आयोजन किया। जनसुनवाई में आए फरियादियों की समस्याएं बारी-बारी से सुनी गई एवं उसके निष्पादन हेतु उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारी को निर्देश दिया। आज के जनसुनवाई में राशन, पेंशन, भूमि विवाद, अवैध कब्जा, आवास, मुआवजा, योजनाओं का लाभ, अतिक्रमण, रोजगार सृजन, बकाया मजदूरी भुगतान समेत अन्य समस्याओं को लेकर उपस्थित हुए आमजनों की समस्याओं को उपायुक्त द्वारा गंभीरता से बारी-बारी सुनी गई एवं यथाशीघ्र उनके समस्याओं के निराकरण करने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को निदेशित किया गया।

उक्त जनसुनवाई में सर्वप्रथम रमना प्रखंड के करचा निवासी विश्वनाथ वियार ने पथ चौड़ीकरण में अधिग्रहित किए गए भूमि का मुआवजा नहीं मिलने की शिकायत की है। उन्होंने बताया कि एनएच- 75, खजूरी से विंढमगंज पथ चौड़ीकरण में उनके 0.10370 डेसिमल भूमि का अधिग्रहण किया गया था, जिसका नोटिस भी जिला भू-अर्जन कार्यालय द्वारा भेजी गई है। सभी आवश्यक कागजात 01 साल पूर्व जमा करने के बावजूद भी अभी तक मुआवजा राशि का भुगतान नहीं किया गया है। अतः उन्होंने अधिग्रहित किए गए भूमि का मुआवजा राशि शीघ्र दिलाने का अनुरोध किया है।

कांडी प्रखंड के सोनपुरवा निवासी ग्रामीणों ने सामूहिक हस्ताक्षरित आवेदन समर्पित करते हुए आंगनबाड़ी सेविका हेतु निर्धारित प्रक्रिया को स्थगित करने की शिकायत की है। ग्रामीणों ने बताया कि कांडी प्रखंड के शिवपुर पंचायत के ग्राम सोनपुरवा में आंगनबाड़ी सेविका का चयन दिनांक 12 अगस्त 2026 को निर्धारित किया गया था, जिसे पूर्व में दो बार की भांति इस बार भी टाल दिया गया है। संबंधित प्रखंड कार्यालय, सीडीपीओ कार्यालय एवं जिला समाज कल्याण कार्यालय गढ़वा द्वारा इस सन्दर्भ में जानकारी पूछने पर जिम्मेदारियों का निर्वह्न एक-दूसरे पर डालने की बात आती है, जिसके कारण ग्रामीणों में भ्रम की स्थिति व्याप्त है। अत: ग्रामीणों ने उपायुक्त से इस मामले में हस्तक्षेप करते हुए स्पष्ट निर्देश प्रदान करने का अनुरोध किया है ताकि चयन प्रक्रिया बार-बार स्थगित न हो सके एवं ग्रामीणों को समुचित जानकारी ससमय उपलब्ध हो सके।

सदर प्रखंड के ग्राम भदुमा निवासी अखिलेश कुमार राम द्वारा अबुआ आवास के तहत मिलने वाली किस्त की राशि का भुगतान नहीं होने की शिकायत की गई है। उन्होंने बताया कि उन्हें अबुआ आवास निर्माण की स्वीकृति मिली थी। जिसका निर्माण कार्य डोर लेवल तक किया जा चुका है। परंतु राशि के अभाव में आगे का कार्य अवरुद्ध है। अतः उन्होंने अबुआ आवास के तहत मिलने वाली राशि का भुगतान शीघ्र कराने का अनुरोध किया है।

भवनाथपुर प्रखंड के बुका निवासी शिवपतिया देवी ने वृद्धावस्था पेंशन की राशि पिछले 14 माह से नहीं मिलने की शिकायत की है। उन्होंने बताया कि उनका खाता का केवाईसी पूर्ण है तथा डीबीटी एवं एनपीसीआई से जुड़ा है। इस संदर्भ में उन्होंने प्रखंड कार्यालय भवनाथपुर में दो बार आवेदन दे चुके हैं परंतु किसी भी प्रकार की कार्रवाई नहीं हो सकी है। उन्होंने अपनी आर्थिक स्थिति दयनीय बताते हुए वृद्धावस्था पेंशन की राशि भुगतान करने का अनुरोध किया है।

बिशुनपुरा प्रखंड के जतपुरा निवासी लक्ष्मण पासवान एवं रामाशंकर पसवान ने आवेदन समर्पित करते हुए भूमि विवाद की समस्या पर समुचित कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। उन्होंने बताया कि सन 1972 से सन 2006 तक उन लोगों की भूमि उनके नाम से चली आ रही थी परंतु हाल के वर्षों में नए खाता के अनुसार उनकी भूमि गांव के ही कामेश्वर यादव, शिवपूजन महतो वगैरह के नाम पर चढ़ा दी गई है। उन्होंने बताया कि उनके पूर्वजों के समय काल से ही पिछले 100 वर्षों से उपरोक्त भूमि उनके दखल-कब्जे में चली आ रही है एवं कृषि कार्य किया जाता रहा है। उन्होंने बताया कि वास्तविक भूमि मालिक के बदले किसी अन्य का नाम चढ़ जाने के कारण दबंगों द्वारा उनकी भूमि हड़पने का कार्य किया जा सकता है। अतः उन्होंने मामले की आवश्यक जांच कराते हुए उचित कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।

इसी प्रकार जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए शेष अन्य लोगों ने भी अपनी-अपनी समस्याओं को बारी-बारी से उपायुक्त के समक्ष रखा। आमजनों से प्राप्त शिकायतों के समाधान हेतु उपायुक्त श्री मिश्रा द्वारा संबंधित पदाधिकारीयों को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही संबंधित विभागों के कार्यालय प्रधान को संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ आमजनों से प्राप्त शिकायतों व समस्याओं को निष्पादित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गये।

☎️📞✉️
Electors Helpline No:1950
Police Helpline Number:112
Child Helpline Number:1098
Jhar Jal Toll Free Number: 1800-3456-502
Jhar Jal WhatsApp Number: 9470176901